दीपावली की रात हंसता बोलता युवक सोया, सुबह मिला फंदे में लटका

जौनपुर। मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के खजुरी गांव में रविवार को संदिग्ध हालात में युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फ़ैल गई। सुबह के समय घर के सामने ही आम के पेड़ पर लटका हुआ शव देख कर लोग सहम गए। मृत युवक दीपावली पर देर रात तक जगने के बाद खाना खाकर सोने गया था और सुबह ऐसा हो गया। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार खजुरी गांव निवासी अरविन्द धरिकार (23 वर्ष) पुत्र नन्हकू दीपावली को देर रात तक घर वालों के साथ बैठकर हंस-बोल कर बातचीत करता रहा। रात करीब 11 बजे खाना खाने के बाद सोने चला गया। सुबह गांव के लोग खेत की तरफ जाने लगे तो घर के सामने स्थित खेत में आम के पेड़ पर गमछे के सहारे उक्त युवक का शव लटका हुआ देखा। शव देखते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर युवक के परिजन और पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की छानबीन कर रही है। लोग मामले को समझ नहीं पा रहे हैं।