मुँगराबादशाहपुर में बतौर सांसद सीमा द्विवेदी के प्रथम आगमन पर जोरदार स्वागत

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व मुँगराबादशाहपुर की पूर्व विधायक श्रीमती सीमा द्विवेदी के निर्विरोध राज्य सभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद मुँगराबादशाहपुर के प्रथम आगमन पर शुक्रवार को भाजपा के तमाम पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने इटहरा बार्डर पर जोरदार स्वागत किया। इटहरा बॉर्डर पर जोरदार स्वागत होने के बाद नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रीमती सीमा द्विवेदी सीधा दौलतिया बजरंगबली का दर्शन करते हुए मुंगराबादशाहपुर नगर पालिका पहुंचीं।
नगर पालिका परिसर में नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष शिव गोविंद साहू व समस्त सभासदों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया।
स्वागत से अभिभूत होकर सीमा द्विवेदी ने कहा कि नगर सहित क्षेत्र के लोगों ने जो स्नेह दिखाया है, उसे कभी मैं भूल नहीं सकती हूं। लोगों के आत्मीय प्रेम के बदौलत आज मैं यहां पर पहुंची हूं। यहां की जनता के सहयोग से जो जिम्मेदारी शीर्ष नेतृत्व ने मुझे सौंपा है उसका बखूबी निर्वहन करुंगी। इसके बाद नगर में भ्रमण करते हुए सांसद सीमा द्विवेदी का काफिला आगे बढ़ा।
नगर में जगह – जगह भाजपा समर्थकों द्वारा सांसद सीमा द्विवेदी का भव्य स्वागत किया गया। नगर के लोग रोड शो कार्यक्रम के दौरान अपने अपने घरों की छतों से सांसद के काफिले पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत कर रहे थे। सांसद का काफिला नगरपालिका परिसर से होते हुए चौराहा, सब्जीमण्डी , नईगंज अंजही ,गुडाहाई नईबाजार होते हुए सतहारिया को प्रस्थान किया। इस अवसर पर नगरपालिका परिषद अध्यक्ष शिवगोविंद साहू , पालिका के पूर्व अध्यक्ष कपिल मुनि गुप्ता, विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी विशम्भर दूबे, आलोक कुमार गुप्ता (पिंटू) प्रबंधक सिटी पब्लिक स्कूल, मनोज द्विवेदी (व्यास जी), भाजपा जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह, सुशील मिश्रा जिला महामंत्री भाजपा,नगर अध्यक्ष संतोष गुप्ता ,रंजीत गुप्ता ,मण्डल उपाध्यक्ष उमाशंकर गुप्ता व नगर के सभी भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित थे।