भाजपा के किसान सम्मेलन में किसानों को भ्रमित करने के लिए कोसा गया विपक्षी दलों को

जौनपुर। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व.अटल बिहारी बाजपेई जी के जन्म दिवस के अवसर पर शाहगंज स्थित निजमापुर प्राइमरी पाठशाला पर एक किसान सम्मेलन का आयोजन हुआ। जिसमें शाहगंज मंडल, जमुनिया मंडल और अर्शिया मंडल के किसान व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए पूर्व विधायक बांके लाल सोनकर ने कहा कि मोदी सरकार किसानों के लिए कार्य कर रही हैं और सरकार ने किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं। उन्होंने नए कृषि कानूनों को किसानों के भविष्य के लिए बहुत जरूरी और अच्छा कदम बताया साथ ही अफसोस जाहिर किया कि इस विषय पर किसानों को विरोधी लोग भ्रमित करके अपना उल्लू सीधा करने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा के मंडल प्रभारी राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भैया’ ने कहा कि विपक्षी दलों की दुकान बंद हो गई है तो वे आये दिन मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए साजिश करते रहते हैं। इसी साजिश के तहत विपक्षी दलों के नेता किसानों को दिग्भ्रमित कर आंदोलन के लिए उकसा रहे हैं। पर इस देश का किसान जागरूक हो गया है व खुलकर मोदी सरकार के किसान बिल का समर्थन कर रहा है। सम्मेलन को संबोधित करना हुए भाजपा नेता प्रदीप जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हित के लिए कटिवद्ध हैं। इस अवसर पर वहां मौजूद किसानों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव भाषण भी सुना व मोदी सरकार के समर्थन में हाथ उठाकर ताली बजाकर स्वागत व समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम में राम स्वारथ बिंद मंडल अध्यक्ष जमुनिया,सुनील टप्पू मंडल अध्यक्ष शाहगंज,भीमसिंह भोले मंडल अध्यक्ष अरसिया, सुधीर सिंह, अवनीश यादव, बब्बू सिंह, भुवनेश्वर मोदनवाल, श्रीमती राजमती सरोज, प्रमोद, शिव प्रसाद बिन्द, दिलीप बिन्द, असलम, धर्मेंद्र सिंह, प्रदीप, अमित त्रिपाठी, विद्यासागर, बबलू सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन ईशान जायसवाल ने किया।