महाराष्ट्र भाजपा का नया उत्तर भारतीय चेहरा बनेंगे कृपाशंकर सिंह
बीएमसी चुनाव के समीकरण पर पड़ेगा असर, जल्दी ही जिम्मेदारी तय करेगी पार्टी, लंबे समय तक महाराष्ट्र में कांग्रेस के रहे कद्दावर नेता

जौनपुर। महाराष्ट्र की राजनीति में उत्तर भारतीय समुदाय में गहरी पैठ रखते हुए मराठी समाज को साधे रहने में सिद्धहस्त कांग्रेस के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह बुधवार को मुंबई में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। कृपाशंकर सिंह ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुंबई में राज्य पार्टी मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल भी इस अवसर पर मौजूद रहे। महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख माधव भंडारी ने एक दिन पहले एजेंसी से बातचीत में कहा था कि, “कृपाशंकर सिंह एक बड़े नेता रहे हैं और मुंबई की राजनीति में उनकी प्रासंगिकता है, वह पिछले कुछ महीनों से संपर्क में हैं। वह पूर्व प्रमुख की उपस्थिति में भाजपा में शामिल होंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें उत्तर भारतीय चेहरा होने और बीएमसी चुनाव करीब होने के कारण कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा रही है, भंडारी ने कहा, “निश्चित रूप से सिंह एक बड़ा चेहरा रहे हैं, हालांकि, जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी वह पार्टी द्वारा तय की जाएगी और जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी।”
उनके भाजपा में शामिल होने से मुंबई महानगर पालिका के आगामी चुनाव में समीकरण बदल सकते हैं। गौरतलब है कि जौनपुर के रहने वाले कृपाशंकर सिंह महाराष्ट्र की राजनीति में लंबे समय तक कांग्रेस के साथ जुड़े रह कर कद्दावर उत्तर भारतीय नेता के तौर पर स्थापित रहे। उन्होंने संगठन और सरकार में लगातार महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभानी। लेकिन कांग्रेस नेताओं के रवैए से खिन्न होकर साल 2019 में कांग्रेस पार्टी का साथ छोड़ दिया था। इसके बाद वह किसी भी पार्टी में शामिल नहीं हुए। अब वे भाजपा के लिए काम करेंगे। उन्होंने राजनीति में फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है। कृपाशंकर सिंह को सभी दलों के लोग सम्मान करते हैं। उन्होंने व्यक्तिगत संबंधों को हमेशा सबसे ज्यादा महत्व दिया, जिससे उनकी लोकप्रियता बढ़ी। वे धारा 370 लागू होने का मुखर समर्थन करके चर्चाओं में आए। पिछले कुछ समय से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि वो भाजपा का दामन थाम सकते हैं और ऐसा हुआ भी।