बारी नाथ मठ के महंत योगी देव नाथ जी महाराज का अवसान

जौनपुर। नगर में उर्दू बाजार स्थित बारी नाथ मठ के महंत योगी देव नाथ जी महाराज अब इस धरती पर नहीं रहे। खबर मिली है कि योगी देवनाथ जी ने आज गुरुवार को करीब 1:00 बजे अपने शरीर का त्याग किया। वे लगभग 81 वर्ष के थे। पिछले कुछ वर्षों से वे ब्लड कैंसर रोग से ग्रसित थे और उन्हें नियमित रूप से डायलिसिस करवानी पड़ रही थी। वे नाथ संप्रदाय से संबद्ध सन्यासी थे और 3 दशक पूर्व गोरखपुर से आकर यहां बारीनाथ मठ में उन्होंने अपना आसन जमाया था। योगी देवनाथ जी का एक आश्रम मध्य प्रदेश में है। वे जौनपुर की अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से हमेशा जुड़े रहे। उनके द्वारा स्थापित श्री नाथ योग संस्थानम नाम की संस्था से विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट लोग जुड़े हुए हैं। उनके द्वारा प्रतिवर्ष किए जाने वाले धार्मिक कार्यक्रमों में सामाजिक कार्यों में सक्रिय तमाम लोग सहभागी होते रहे हैं। गौरतलब है कि बारी नाथ मठ गोरखपुर स्थित प्रसिद्ध गोरक्ष पीठ (गोरखनाथ मंदिर) जिसके पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जी हैं, से जुड़ा हुआ मठ है। पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ जी वर्तमान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी हैं। योगी देव नाथ जी के अवसान की जानकारी मिलते ही जौनपुर के प्रमुख समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव, शशांक सिंह रानू ,अशोक मौर्य, चंद्र प्रताप सोनी, महेंद्र देव विक्रम आदि लोगों के अतिरिक्त भारी संख्या में उनके भाग गण और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।