तिलकोत्सव में हर्ष फायरिंग से हादसा,पैर में गोली लगने से बालक घायल

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के बेलसरी ( खपरहा ) गांव में गुरुवार की शाम आयोजित एक तिलकोत्सव में हर्ष फायरिंग से हादसा हो गया। जश्न में चलाई गयी गोली से 12 वर्षीय बालक घायल हो गया। गोली लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। असलहाधारी फरार हो गये, आनन फानन में घायल बच्चे को जिला अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार आज सिकरारा थाना क्षेत्र के बेलसरी ( खपरहा ) गांव के निवासी हिमांशु तिवारी नामक युवक का तिलक था। शाम करीब सात बजे तिलक की रस्में हो रही थी। उसी समय कुछ असलहाधारियों द्वारा हर्ष फायरिंग की जाने लगी। फायरिंग करने वाले एक युवक के असलहे में गोली फंस गयी। वह गोली निकालने का प्रयास कर रहा था, उसी समय अचानक गोली चल गयी। यह गोली अमित तिवारी (12 वर्ष) पुत्र शैलेष तिवारी के पैर में जा लगी। बच्चे को गोली लगते ही वहां पर अफरा तफरी मच गयी। हादसा होते ही असलहाधारी मौके से फरार हो गये। परिवार वाले घायल बालक को जिला अस्पताल लेकर चले गये। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर रही है। खास बात यह भी है कि लगातार होने वाले हादसों को ध्यान में रखकर हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ लोग कानून का उल्लंघन करते रहते हैं।